दिल्ली सरकार ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर ‘महिला समृद्धि योजना’ लॉन्च की। भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में इस योजना की घोषणा की।
इससे पहले, शनिवार सुबह दिल्ली कैबिनेट ने इस योजना को मंजूरी दी थी। दिल्ली में 72 लाख महिला मतदाता हैं, जिनमें से अनुमानित 20 लाख महिलाओं को इस योजना का लाभ मिलेगा।
योजना के लिए 5100 करोड़ रुपये जारी
योजना की शुरुआत करते हुए नड्डा ने कहा, “मैं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और अन्य सभी को बधाई देता हूं कि दिल्ली सरकार ने इस योजना को लागू करने के लिए 5100 करोड़ रुपये जारी किए हैं। योजना तुरंत प्रभाव से शुरू होगी।”
महिलाओं की भूमिका को स्वीकार करते हुए नड्डा ने कहा, “दिल्ली की जीत महिलाओं के समर्थन के बिना संभव नहीं थी।”
दिल्ली विधानसभा चुनावों के दौरान आम आदमी पार्टी (AAP) ने महिलाओं को हर महीने 2100 रुपये देने का वादा किया था, जबकि भाजपा ने 2500 रुपये देने का आश्वासन दिया था। इसका लाभ भाजपा को मिला और उसने 70 में से 48 सीटें जीतकर 26 साल बाद सत्ता में वापसी की। AAP 22 सीटों पर सिमट गई।
शर्तें तय करने के लिए कमेटी गठित
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मीडिया से कहा, “हमने एक कमेटी का गठन किया है, जिसकी अध्यक्षता मैं स्वयं करूंगी। इसमें मंत्री प्रवेश वर्मा, कपिल मिश्रा और आशीष सूद शामिल होंगे। यह कमेटी योजना का पोर्टल तैयार करने और नियम व शर्तें तय करने पर विचार करेगी।”
ई-रजिस्ट्रेशन के लिए पोर्टल लॉन्च
महिला समृद्धि योजना का लाभ लेने के लिए महिलाओं को ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराना होगा। इसके लिए एक पोर्टल और मोबाइल ऐप लॉन्च किया जाएगा। महिलाएं अपने वोटर कार्ड, राशन कार्ड, आधार कार्ड और आय प्रमाण पत्र जैसे आवश्यक दस्तावेज अपलोड कर आवेदन कर सकेंगी।
अगले वर्ष बढ़ेगा बजट
योजना से जुड़े अधिकारियों के अनुसार, अगले वर्ष इस योजना का बजट बढ़ाया जाएगा। फिलहाल 5100 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं, जिससे महिलाओं को मिलने वाली मौजूदा सहायता में कोई बाधा नहीं आएगी।
बजट सत्र 24 से 26 मार्च तक
दिल्ली विधानसभा का बजट सत्र 24 से 26 मार्च तक चलेगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी। उनके साथ कैबिनेट के छह मंत्री भी मौजूद थे। उन्होंने दिल्लीवासियों से बजट के लिए सुझाव मांगे हैं।
रेखा गुप्ता ने कहा, “हम दिल्ली की जनता का बजट लाना चाहते हैं। इसके लिए हमने नागरिकों से सुझाव मांगे हैं। हमारे सभी मंत्री और विधायक जनता से मिलकर सुझाव लेंगे ताकि दिल्ली की बेहतरी के लिए जरूरी फैसले लिए जा सकें।”
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार छुट्टियों में भी काम कर रही है। सचिवालय में शनिवार और रविवार को भी अधिकारी कार्यरत हैं। उन्होंने दिल्ली की जनता को आश्वासन दिया कि सरकार किए गए वादों को पूरा करेगी।
बजट सुझावों के लिए सरकार ने ईमेल आईडी viksitdelhibudget-25@delhi.gov.in और वॉट्सऐप नंबर 9999962025 जारी किया है।








