स्कॉलरशिप मांग रहे छात्रों पर HAU में लाठीचार्ज, 20 से ज्यादा घायल!

हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय में छात्रों पर लाठीचार्ज: सुरजेवाला ने BJP सरकार पर साधा निशाना
  • छात्रों पर हमला: हिसार में स्कॉलरशिप मांग रहे छात्रों पर सुरक्षाकर्मियों का लाठीचार्ज।
  • BJP पर आरोप: नायब सैनी सरकार और VC की मिलीभगत से छात्रों का भविष्य बर्बाद।
  • कांग्रेस की मांग: VC, रजिस्ट्रार की गिरफ्तारी, स्कॉलरशिप बहाली और घायल छात्रों को मुआवजा।
  • शिक्षा पर संकट: BJP ने विश्वविद्यालयों को तबाह किया, रिसर्च और स्कॉलरशिप में कटौती।
चंडीगढ़:कांग्रेस महासचिव और सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने चौ. चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU), हिसार में स्कॉलरशिप मांग रहे छात्रों पर सुरक्षाकर्मियों के लाठीचार्ज की कड़ी निंदा की। उन्होंने नायब सैनी सरकार और विश्वविद्यालय के BJP समर्थित कुलपति (VC) पर छात्रों का भविष्य बर्बाद करने का आरोप लगाया।
सुरजेवाला ने कहा कि मंगलवार को HAU में शांतिपूर्ण तरीके से स्कॉलरशिप बहाली की मांग कर रहे छात्रों पर विश्वविद्यालय के सुरक्षाकर्मियों ने लाठियां बरसाईं, जिससे 20 से ज्यादा छात्र गंभीर रूप से घायल हुए। उन्होंने सवाल उठाया कि सुरक्षाकर्मियों को छात्रों पर हमला करने का अधिकार किस कानून ने दिया? उन्होंने इसे आपराधिक कृत्य बताते हुए VC, रजिस्ट्रार और सुरक्षा इंचार्ज की तुरंत गिरफ्तारी और बर्खास्तगी की मांग की।
सुरजेवाला ने कहा कि BJP सरकार ने 11 सालों में हरियाणा की शिक्षा व्यवस्था को तबाह कर दिया। स्कूल बंद किए, कॉलेजों में स्टाफ की कमी छोड़ी और विश्वविद्यालयों में रिसर्च सुविधाएं सिकुड़ गईं। HAU, जिसे कांग्रेस ने एशिया का बड़ा कृषि विश्वविद्यालय बनाया, आज वित्तीय संकट के बहाने छात्रों की स्कॉलरशिप काट रहा है। उन्होंने कहा कि BJP को वैज्ञानिक शिक्षा और युवाओं की प्रगति से चिढ़ है, इसलिए स्कॉलरशिप और रिसर्च को खत्म किया जा रहा है।
सुरजेवाला ने बताया कि HAU में 75% से अधिक अंक लाने वाले MSc और PhD छात्रों को स्कॉलरशिप मिलती थी, जो गरीब परिवारों के बच्चों को कृषि वैज्ञानिक बनाने के लिए प्रोत्साहन थी। लेकिन BJP सरकार इसे भी बंद करना चाहती है। उन्होंने कहा कि सरकार अंधविश्वास फैलाने पर अरबों खर्च कर सकती है, लेकिन युवाओं की शिक्षा के लिए पैसा नहीं है।
सुरजेवाला ने मुख्यमंत्री नायब सैनी से मांग की कि विश्वविद्यालयों की ग्रांट कटौती बंद हो, पर्याप्त फंड, स्टाफ और संसाधन दिए जाएं। VC और रजिस्ट्रार जैसे पदों पर योग्य लोगों की नियुक्ति हो, न कि RSS समर्थित नाकारा लोग। उन्होंने HAU में स्कॉलरशिप बहाली, घायल छात्रों के इलाज और मुआवजे की व्यवस्था की मांग की। साथ ही, सभी राजकीय विश्वविद्यालयों में यूनिवर्सिटी रिसर्च स्कॉलरशिप (URS) की संख्या दोगुनी करने और राशि को JRF के बराबर करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *