शिकायत के बावजूद भी बिजली ट्रांसफार्मर नहीं बदला ,विज ने JE को निलंबित किया

  • ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने 15 दिन में खराब ट्रांसफार्मर नहीं बदलने वाले जेई को निलंबित किया
  • अंबाला छावनी के चंदपुरा गांव के ग्रामीणों ने शिकायत की थी कि बिजली का ट्रांसफार्मर कई दिनों से खराब पड़ा है

चंडीगढ़, 13 जून, 2025: हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने अम्बाला छावनी के चंदपुरा गांव में बिजली के खराब ट्रांसफार्मर को 15 दिन बाद भी नहीं बदलने वाले बिजली निगम के जेई (कनिष्ठ अभियंता) संजय कुमार को निलंबित कर दिया है।

ग्रामीणों ने ऊर्जा मंत्री को ट्रांसफार्मर खराब होने और जेई के ढुलमुल रवैये की शिकायत की थी, जिस पर मंत्री ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संज्ञान लिया।

 

अंबाला छावनी के चंदपुरा गांव के ग्रामीणों ने शिकायत की थी कि बिजली का ट्रांसफार्मर कई दिनों से खराब पड़ा है। उन्होंने लगभग 15 दिन पहले इंडस्ट्रियल एरिया, अम्बाला छावनी के जेई संजय कुमार को इसकी सूचना दी थी, लेकिन न तो ट्रांसफार्मर ठीक हुआ और न ही बदला गया। इस गंभीर लापरवाही पर ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कड़ा रुख अपनाते हुए जेई को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश दिए, जो अब लागू कर दिए गए हैं।

 

मंत्री ने बिजली निगम अधिकारियों को पहले ही सख्त निर्देश जारी किए थे। इन निर्देशों के अनुसार, शहरी क्षेत्रों में खराब ट्रांसफार्मर को एक घंटे के भीतर ठीक या बदलकर विद्युत आपूर्ति बहाल की जानी चाहिए, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में दो घंटे के भीतर यह कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। ग्रामीणों की शिकायत पर कार्रवाई के तहत न केवल जेई को निलंबित किया गया, बल्कि खराब ट्रांसफार्मर को भी बिजली निगम द्वारा बदल दिया गया है।

 

यह कदम ग्रामीणों की समस्याओं के प्रति सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाता है। बिजली निगम के अधिकारियों को अब और सतर्क रहने की चेतावनी दी गई है ताकि ऐसी लापरवाही दोबारा न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *