रोटी, पानी, हवा भारत की, लेकिन विपक्ष के दिमाग में चिप पाकिस्तान की: अनिल विज

हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा है कि , “विपक्ष भारत की रोटी खाता है, पानी पीता है, हवा लेता है, लेकिन उनके दिमाग में पाकिस्तान की चिप लगी है। वे वही बोलते हैं जो पाकिस्तान के नेता और मीडिया बोलते हैं।”

विज ने कांग्रेस की कार्यप्रणाली पर तीखा कटाक्ष करते हुए कहा कि राहुल गांधी का जिला स्तरीय संगठन बनाने के लिए चण्डीगढ़ आना हैरान करने वाला है। उन्होंने सवाल उठाया, “देश में करीब 750 जिले हैं, अगर राहुल गांधी को हर जिले में संगठन बनाने जाना पड़ेगा, तो कांग्रेस का संगठन कैसे चलेगा? इससे बुरा हाल किसी संगठन का क्या हो सकता है कि राष्ट्रीय नेता को खुद जिला इकाइयाँ बनाने आना पड़े।”

चण्डीगढ़ में पत्रकारों से बातचीत में विज ने कहा कि गांधी परिवार का कोई सदस्य पहली बार चण्डीगढ़ कांग्रेस कार्यालय आ रहा है और कांग्रेस इसे उत्सव की तरह मना रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि इससे साफ है कि कांग्रेस के अन्य नेता संगठन बनाने में नाकाम रहे हैं।

विज ने कहा कि 11 साल से कांग्रेस हरियाणा में संगठन नहीं बना सकी। कई प्रभारी और नेता आए-गए, लेकिन सभी असफल रहे। उन्होंने कहा, “पिछले 8 महीने से कांग्रेस नेता प्रतिपक्ष तक नहीं चुन सकी। जिला स्तर पर संगठन बनाने के लिए राहुल गांधी को खुद आना पड़ रहा है, इससे उनकी खराब स्थिति जाहिर होती है।”

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर दिए बयान पर विज ने तंज कसा, “पंजाब के मुख्यमंत्री पहले कॉमेडियन थे और अब राजनीति में भी कॉमेडी कर रहे हैं। बिना गहराई समझे ऐसे बयान देना नादानी है। ऐसे मुद्दों को गंभीरता से लेना चाहिए।”

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *